आल इंडिया ट्रैकिंग कैंप में कैडेट्स का जोश चरम पर सांस्कृतिक रंगों में सराबोर रहा सातवां दिन

श्रावस्ती। 51वीं यू.पी. बटालियन एन.सी.सी. बलरामपुर के तत्वावधान में बनवारी देवी अशोक कुमार स्मारक महाविद्यालय, सिरसिया (श्रावस्ती) में चल रहे “ऑल इंडिया यू.पी. ट्रैकिंग कैंप” के सातवें दिन सोमवार को कैडेट्स ने रोमांचक ट्रैकिंग के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। कर्नल अरविन्द प्रताप सिंह पटवाल (कमांडिंग ऑफिसर) एवं कर्नल अनुराग गंजवार (एडम ऑफिसर) के निर्देशन में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख निदेशालयों के कैडेट्स अपने-अपने एनसीसी अधिकारियों और पीआई स्टाफ के साथ निर्धारित रूट पर ट्रैकिंग के लिए निकले। ट्रैकिंग के दौरान कैडेट्स ने ऐतिहासिक यक्ष सरोवर (रजिया ताल) का भ्रमण किया। यह ताल श्रावस्ती के सोहेलवा जंगल में स्थित है और पांडव काल से जुड़ा माना जाता है, जहाँ युधिष्ठिर और यक्ष संवाद हुआ था। कहा जाता है कि दिल्ली की सुल्तान रजिया सुल्तान का इस सरोवर से गहरा संबंध रहा है। यह स्थल विभूतिनाथ मंदिर से भी जुड़ा है, जहाँ भक्त इसी ताल के जल से भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। इसकी विशेषता यह है कि इसका जल स्तर पूरे वर्ष लगभग समान रहता है।




