सही दिशा ही सफलता की कुंजी है – डीआईओएस

सिद्धार्थनगर। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसौनी सिद्धार्थनगर में मंगलवार को कैरियर काउंसलिंग मेला का आयोजन किया गया। कैरियर काउंसलिंग मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार एवं विशिष्ट अतिथि सेवा निवृत्त प्रिंसिपल चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव ने फीता काटकर एवं द्वीप प्रज्वलन कर किया। मेले को सम्बोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने कहा कि जीवन में सही दिशा और उचित मार्गदर्शन का बहुत महत्व होता है। आज शिक्षा केवल प्रमाण पत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपके भविष्य की नींव रखती है। इस मेले का उद्देश्य है कि आप अपने रुचि, योग्यता और सामर्थ्य के अनुसार अपने लिए उचित कैरियर का चुनाव कर सकें। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने अवसरों की कोई कमी नहीं है। परम्परागत क्षेत्रों के साथ-साथ विज्ञान, तकनीक, कृषि, प्रबन्धन, कला, खेलकूद और स्टार्टअप जैसे नये-नये क्षेत्रों में भी असीम सम्भावनाएं मौजूद हैं। सही जानकारी और सही दिशा ही आपको सफलता की ओर ले जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह देते हुए कहा कि आप केवल रोजगार पाने की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने के संकल्प के साथ कैरियर का चुनाव करें। जिस भी क्षेत्र में जाये, वहां परिश्रम, ईमानदारी और लगन से कार्य करें। सफलता निश्चित ही आपके कदम चूमेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने इस मेले के आयोजकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु इतना सार्थक प्रयास किया है। आशा करता हूँ कि आप सभी विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। कार्यक्रम के अन्त में अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाये गये कैरियर मॉडल एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रधानाचार्य विभा चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं तुलसी व अपराजिता के पौधे भी भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हिंदी प्रवक्ता राधेश्याम, जुबली कॉलेज गोरखपुर, विज्ञान प्रवक्ता राजकीय इन्टर कॉलेज बस्ती विवेक मणि त्रिपाठी, सैनिक, एमपी त्रिपाठी जय किसान इन्टर कॉलेज सकतपुर सनई के प्रबन्धक, लाल प्रकाश जिला समन्वयक डॉक्टर भारद्वाज शुक्ला, समाजिक कार्यकर्ता जय प्रकाश गुप्ता, शिक्षक अवधेश कुमार, मोहम्मद हफीजुल्लाह, करीम, विनय कुमार, शशि प्रसाद, सूबेदार, विद्यार्थी अशोक, संजय, नदीम, पूजा, ममता, मीरा, ज्ञान प्रसाद, अजय आदि विद्यार्थी उपस्थित रहे।




